क्षय मुक्त भारत के सन्दर्भ में टास्क फोर्स समिति की बैठक
दंतेवाड़ा, 4 दिसंबर 2024। प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप 2025 तक क्षय मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से विकासखंड कुआकोंडा में टास्क फोर्स समिति की बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए आयोजित की गई थी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत और पिरामल फाउंडेशन के समन्वय से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बचेली, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला क्षय अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में यह बैठक संपन्न हुई।
बैठक में मुख्य रूप से ’टीबी मुक्त भारत अभियान के सन्दर्भ में 2025 तक क्षय रोग के सक्रिय मामलों में कमी लाने और “टीबी मुक्त पंचायत” की संख्या बढ़ाने के लिए रणनीतियां बनाई गईं। इसके तहत संभावित लक्षणों की पहचान और समय पर निदान सुनिश्चित करने हेतु बलगम परीक्षण की प्रक्रिया, ’सक्रिय भागीदारी ’समन्वय विभागों के सहयोग से संभावित मरीजों की पहचान करने, और समुदाय में जागरूकता लाने, पंचायत स्तर पर मरीजों को नियमित दवा सेवन, हेतु प्रेरित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इसके अलावा विशेष अभियान ’निक्षय-निरामय छत्तीसगढ़” के तहत 100 दिवसीय अभियान में शंकास्पद मरीजों की खोज, उच्च जोखिम समूहों का चिन्हांकन, और ग्राम स्तर पर जनभागीदारी गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी, परियोजना अधिकारी, सरपंच, ब्लॉक समन्वयक, मितानिन कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी, एसटीएस, पीएमडीटी समन्वयक, पीपीएम समन्वयक, पंचायत विभाग के नोडल अधिकारी, पिरामल फाउंडेशन के जिला कार्यक्रम अधिकारी और अन्य एनटीईपी कर्मचारी उपस्थित रहे।
