कलेक्टर के निर्देश सभी गांव में ग्रामसभा एक दिसंबर तक, सभी की मौजूदगी जरुरी

कोरिया 28 नवम्बर 2024। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों में एक दिसंबर तक विशेष ग्रामसभा आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिया है कि ग्राम सचिव द्वारा सरपंच, पंच को अवगत कराएं, पंचायत में इस बाबत सूचना चस्पा करें और ग्रामसभा में गणपूर्ति सुनिश्चित करें और सदस्यों की शत-प्रतिशत उपस्थिति हो। ग्रामसभा की सफलता की जिम्मेदारी इन्हीं पदाधिकारियों पर होगी।
ग्रामसभा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शाला के प्रधान पाठक, उचित मूल्य दुकान के संचालक, रोजगार सहायक, स्वास्थ्य मितान, पटवारी, विकलांग मितान, सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान के कर्मचारी की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
ग्रामसभा के आयोजन का मुख्य उद्देश्य पंचायत के विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना है। इसके साथ ही गांव की समस्याओं का समाधान निकालने और शासन की नीतियों को ग्रामीणों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ग्रामसभा की कार्यवाही को सुनियोजित और प्रभावी बनाया जाए, ताकि यह ग्रामीण विकास में सार्थक भूमिका निभा सके।