ग्राम पड़कीभाट के अमृत सरोवर में किया गया संविधान दिवस का आयोजन, छात्र-छात्राओं को दी गई जानकारी

बालोद, 26 नवंबर 2024। राज्य शासन के निर्देशानुसार संविधान दिवस के अवसर पर 26 तारीख को जिले के महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत निर्मित जिले के 138 अमृत सरोवर स्थलों में संविधान दिवस का आयोजन किया गया। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशानुसार संविधान दिवस के पावन अवसर को ऐतिहासिक एवं स्मरणीय बनाए रखने हेतु आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान दिवस की प्रस्तावना का पठन भी किया गया। इस अवसर पर विकासखण्ड के ग्राम पड़कीभाट के अमृत सरोवर में जिला स्तरीय संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे ने भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने समारोह में उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान उद्देशिका का वाचन कराने के अलावा भारतीय संविधान के आदर्शों तथा देश के नागरिकों का संविधान के प्रति प्रतिबद्धता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य संविधान के प्रति नागरिकों को जागरूक करना तथा देश के नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देना भी है। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों के लिए निबंध, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई। समारोह में निबंध प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान जिले के प्रत्येक अमृत सरोवर में आयोजित संविधान दिवस समारोह के अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों, मनरेगा जाॅब कार्डधारियों, नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गई।