जिले में अब तक 2 लाख 10 हजार 946 क्विंटल धान खरीदी
उत्तर बस्तर कांकेर, 23 नवम्बर 2024। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार धान उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। प्रत्येक धान खरीदी केन्द्रों में किसानों को कोई परेशानी न हो इसके लिए आवश्यक व्यवस्था हेतु निर्देशित किया गया है। जिले के धान उपार्जन केन्द्र अलनियापारा के प्रभारी जोगेन्द्र पटेल ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी केंद्र में किसानों को कोई परेशानी न हो इसके लिए अवश्यक व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्रत्येक दिवस के टोकन अनुसार किसानों से धान खरीदी की जा रही है। उन्होंने बताया कि किसानों द्वारा लाए गए धान की मात्रा, आर्द्रता का प्रतिशत, बारदाने उपलब्धता, चबूतरा, धान से भरी बोरियों का समुचित ढंग से रखरखाव, स्टेकिंग, ढंकने हेतु तारपोलिन का इंतजाम किया गया है। उन्होंने राज्य शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए जो ऐतिहासिक निर्णय लिया है वह सराहनीय है।
धान उपार्जन केन्द्र अलनियापारा में धान बेचने पहुंचे ग्राम पथर्री के किसान पीताम्बर जैन ने बताया कि वे 110 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर विक्रय किए हैं। उन्होंने धान उपार्जन केन्द्र में समय पर बारदाना की उपलब्धता तथा तौल होने पर खुशी जाहिर करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। खाद्य विभाग से मिली जानकारी अनुसार जिले के 149 धान उपार्जन केन्द्रों में से 128 केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है, जिनमें 04 हजार 532 किसानों के माध्यम से 02 लाख 10 हजार 946 क्विंटल 80 किलो धान विक्रय किया जा चुका है।
