राजधानी का हवाईअड्डा जल्द होगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दुबई-सिंगापुर की सीधी उड़ान
रायपुर 22 नवंबर 2024। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नक्शे में शामिल होने जा रहा है। रायपुर से दुबई और सिंगापुर के लिए सीधी फ्लाइट यहां से जल्द उड़ान भरेगी। यही नहीं, अंबिकापुर एयरपोर्ट से भी अब हवाई यातायात प्रारंभ हो जाएगा। अंबिकापुर-रायपुर के साथ वाराणसी और अयोध्या से भी जुड़ेगा।
केंद्रीय मंत्री ने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से जल्द ही अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा शुरू करने पर अपनी सहमति जताई है। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर कार्गो हब विकसित करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी एवं एयरपोर्ट से पटना एवं रांची के लिए भी हवाई सेवा शुरू करने की भी सहमति मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा देने की मांग की थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा की बड़ी संभावनाएं हैं। इस कदम से राज्य के आर्थिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा और वैश्विक स्तर पर कनेक्टिविटी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय यात्री ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए रायपुर से सिंगापुर और दुबई के लिए सीधी उड़ानों की आवश्यकता पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि इन मार्गों पर यात्री ट्रैफिक काफी अच्छा है, जिससे ये सेवाएं व्यावसायिक रूप से लाभकारी साबित होंगी। केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से जल्द ही अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा शुरू करने के प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताई है।
