महिला कर्मचारी से अभद्र व्‍यवहार, इंजीनियर निलंबित

रायपुर 12 नवंबर 2024। नगरीय प्रशासन विभाग में उप-अभियंता आशीष कुमार शर्मा को निलंबित कर दिया है। शर्मा पर महिला कर्मचारी के साथ अभद्रता करने का आरोप है। मामला नगर पंचायत अभनपुर का है।
जारी आदेश के अनुसार उप-अभियंता शर्मा पर प्‍लेसमेंट कर्मचारियों के साथ ही दुर्व्‍यवहार करने का आरोप लगा है। 29 अक्‍टूबर को शर्मा ने कार्यालय पहुंच कर वहां पदस्थ महिला कर्मचारी से अभद्र व्यवहार किया था। निलंबन आदेश में कहा गया है कि पूर्व में भी महिला कर्मचारियो से दुर्व्यवहार किया गया है जिसका उल्लेख मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका अभनपुर ने किया है। शर्मा द्वारा निकाय के कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा निलंबन कराने की धमकी दिये जाने साथ ही प्रतिदिन अकारण नियमित और प्लेसमेंट कर्मचारियों से कार्यालय में दुर्व्यवहार कर अशांति का वातावरण निर्मित किये जाने का लेख कर अनुशासनात्मक कार्यवाही किये जाने का मांग किया गया है। निलंबन अवधि में शर्मा को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता होगी एवं शर्मा का मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर नियत किया जाता है।