ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग, 19 मशीनें डिफेक्टिव

रायपुर 8 नवंबर 2024। रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में उपयोग में लाई जाने वाली ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग की गई। इसमें 19 मशीनें डिफेक्टिव निकलीं, जिसके कारण इन मशीनों को रिजेक्ट कर दिया गया है। अब इन मशीनों का 13 तारीख को होने वाले मतदान के दिन पोलिंग बूथों में इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। सेजबहार स्थित स्ट्रांग रूम में ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग की गई। उपचुनाव के लिए प्रशासन को 1523 ईवीएम मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें बीयू 719, सीयू 379 व वीवीपैट की संख्या 425 है। इन मशीनों का मतदान से पहले कमीशनिंग हुई। कमीशनिंग के माध्यम से तकनीकी रूप से खराब हो चुकी मशीनों को अलग करना है। इसके लिए हैदराबाद से दो इंजीनियरों की टीम आई है, जिनके द्वारा मशीनों की जांच की गई। जांच के दौरान 5 बीयू, 1 सीयू व 13 वीवीपैट खराब निकलीं जिनको रिजेक्ट कर दिया गया है। कमीशनिंग व मॉकपोल के बाद ईवीएम मशीनों को उप निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग ऑफिसर पुष्पेंद्र शर्मा सहित अन्य चुनाव अधिकारियों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम में सीलबंद कर दिया गया।