बिहान दीदीयों के बनाए गए दीयों से रोशन होगा कलेक्टर हाउस
बिलासपुर, 28 अक्टूबर 2024। बिहान की लखपति दीदियों ने जिला पंचायत परिसर में मंडप सजाया है और दिवाली के लिए जरूरी सामान बेच रही हैं। कलेक्टर अवनीश शरण ने स्टॉल का दौरा कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने स्वयं अपने घर में पूजा के लिए दीए सहित अन्य जरूरी सामान खरीदे। दूसरे अधिकारियों ने भी सामान खरीदा। दुकानें 28-29 को भी खुली रहेंगी। महिलाओं द्वारा सजाए गए दुकानों में किफायती दर पर गुणवत्ता पूर्ण सामग्री बेची जा रही है। इस आमदनी से ही उनकी घर गृहस्थी चलती है। कलेक्टर ने शहर वासियों को लखपति दीदियों से सामान खरीद कर उनका मनोबल बढ़ाने की अपील की है। जिला पंचायत सीईओ आरपी चौहान, निगम आयुक्त अमित कुमार, अपर कलेक्टर आरए कुरुवंशी, शिव कुमार बैनर्जी ने भी दीए, मोमबत्ती, अगरबत्ती, लाई बताशा मिठाई आदि खरीदे और उनका हौसला बढ़ाया।