राष्ट्रपति मुर्मु का राजधानी पहुंचने पर राज्यपाल-सीएम ने किया स्वागत

रायपुर, 25 अक्टूबर 2024। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय प्रवास पर राजधानी पहुंची। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का माना विमानतल पहुंचने पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरूण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक खुशवंत सिंह साहेब ने राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु सुबह 11 बजे वायु सेना के विशेष विमान से रायपुर पहुंची। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु रायपुर एवं दुर्ग में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु 25 अक्टूबर को शाम 5.15 बजे से 6.30 बजे तक पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। वह पुरखौती मुक्तांगन में सरकार की महतारी वंदन योजना के अंतर्गत दीवाली से पहले 70 लाख हितग्राही महिलाओं को 9वीं किस्त की एक-एक हजार की राशि रिमोट का बटन दबाकर उनके बैंक खाते में अंतरण करेंगी। इस योजना के तहत हितग्राही महिलाओं को प्रति माह एक-एक हजार की आर्थिक सहायता दी जाती है। राज्य में इस योजना के तहत अब तक 8 किस्तों में हितग्राही महिलाओं को 5227 करोड़ रूपए का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जा चुका है। कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं राष्ट्रपति के समक्ष अपने अनुभव भी साझा करेंगी।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु पुरखौती मुक्तांगन में निर्मित सरगुजा प्रखंड का लोकार्पण करेंगी। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तकों की प्रथम प्रतियां राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु को भेंट करेंगे। इस मौके पर राष्ट्रपति स्थानीय जनजातीय समुदाय की लोगों से मुलाकात एवं चर्चा करेंगी।