गांधी मैदान में होगा राज्योत्सव, कलेक्टर ने सौंपे दायित्व, शासकीय कार्यालयों रोशनी करने के निर्देश

गरियाबंद 24 अक्टूबर 2024। कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने गुरुवार को पांच नवम्बर को एक दिवसीय राज्योत्सव के आयोजन के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन स्थानीय गांधी मैदान में किया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को कहा कि इस बार मंच सजावट आदिवासी संस्कृति के तर्ज पर किया जाए। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां एवं कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। एक दिवसीय राज्योत्सव में विभागों द्वारा विभागीय प्रदर्शनी के माध्यम से केन्द्र एवं राज्य शासन के उपलब्धियों को प्रदर्शित करे। जो राज्योत्सव के दूसरे दिन भी रहेगा। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों को प्रदर्शनी के अवलोकन भी कराने के निर्देश दिए, जिससे कि प्रदर्शनी के बारे में विद्यार्थियों जानकारी मिल सके।
कलेक्टर ने जिला प्रमुख अधिकारियों को राज्योत्सव आयोजन के संबंध में निर्देश देते हुए संबंधित विभागों को कार्य दायित्व भी सौंपे गए है। उन्होंने एक से 6 नवम्बर तक सभी शासकीय कार्यालयों एवं शासकीय भवनों में रोशनी करने को कहा है। स्थानीय कलाकारों के द्वारा उक्त दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जायेगी।
जिला स्तरीय राज्योत्सव में जिला मुख्यालय स्थित प्रमुख विभागों के थीम आधारित स्टॉल लगाये जायेंगे। महिला समूहों के स्टॉल भी लगाये जायेंगे। कलेक्टर द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विभागीय अधिकारियों को कार्य दायित्व सौंपे गये हैं। जिसके तहत जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रीता यादव को सम्पूर्ण कार्यक्रम का नोडल अधिकारी एवं सम्पूर्ण कार्यक्रम की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। सहायक नोडल अधिकारी राकेश कुमार गोलछा को बनाया गया है। इसके अलावा नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आयोजन स्थल का साफ-सफाई, पेयजल, टेंकर व्यवस्था, सभी सीईओ और सीएमओ को आमंत्रण पत्र वितरण करने, हितग्राहियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने-ले जाने की व्यवस्था, जिला सेनानी नगर सेना का फयर ब्रिगेड की व्यवस्था, मंच निर्माण, स्टॉल निर्माण, बैरेकेटिंग आदि कार्य पी.डब्ल्यू.डी, साउंड एवं लाइट व्यवस्था विद्युत यांत्रिकी, सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एवं जिला शिक्षा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा व्यवस्था व एम्बुलेंस, पुष्प एवं सज्जा के लिए कृषि एवं उद्यानिकी विभाग, विभागीय स्टॉल आबंटन महाप्रबंधक उद्योग एवं व्यापार तथा सांख्यिकी विभाग को सौंपा गया है। तहसीलदार एवं सीएमओ को कार्यक्रम में वीआईपी, गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों, अधिकारियों एवं महिलाओं के लिए विशेष बैठक व्यवस्था सहित साईन बोर्ड लगाने के निर्देश दिये। साथ ही वन विभाग को स्वल्पाहार एवं बांस बल्ली की व्यवस्था तथा कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार का दायित्व जनसम्पर्क विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का राज्योत्सव की तैयारी के दायित्व सौंपे गये है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रीता यादव, एसडीएम राकेश गोलछा, डिप्टी कलेक्टर सुश्री अंजली खलको, जिला शिक्षा अधिकारी ए.के. सारस्वत, कार्यपालन अभियंता बी एस पैकरा, कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास अशोक पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।