अवैध धान, 56 बोरी जब्त

बलरामपुर 23 अक्टूबर 2024। आगामी दिनों में धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू होगी। इस संबंध में कलेक्टर रिमिजियुस एक्का ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये हैं कि धान के अवैध परिवहन एवं संग्रहण पर कड़ी नजर रखते हुए लगातार कार्यवाही करें तथा वास्तविक कृषकों से ही धान खरीदी की जाये। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों में कृषकों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा ताकि किसान सुगमता से धान का विक्रय कर पायें।
इसी कड़ी में कलेक्टर के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वाचेतन साहू के मार्गदर्शन में राजस्व व पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में तहसीलदार रघुनाथपुर ईश्वर चंद यादव के द्वारा अवैध धान जब्त किया गया है। तहसीलदार ने बताया कि रात्रि एक बजे उत्तर प्रदेश से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 15 डीबी 7175 में बलंगी निवासी राजू केशरी द्वारा अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा था। वाहन की जांच के दौरान कुल 56 बोरी अवैध धान जब्त संबंधित थाने को सुपुर्द किया गया है।

इन्हें भी पढ़े