विस अध्यक्ष के जन्मदिन पर बोले मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ के विकास पुरूष है डॉ. रमन सिंह

राजनांदगांव 16 अक्टूबर 2024। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर युवा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा म्युनिसिपल स्कूल प्रांगण में आयोजित कवि सम्मेलन में शिरकत की। मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों ने देर रात तक कवि सम्मेलन में कविता पाठ का आनंद लिया। मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष ने सभी कवियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर श्रीमती सीमा गर्ग द्वारा लिखित ”हमारी संस्कृति हमारी धरोहर किताब का विमोचन किया गया। इस अवसर पर कवि डॉ. कुमार विश्वास, हास्य कवि पद्मश्री सुरेन्द्र दुबे, गीत एवं गजल गायिका डॉ. सुमन दुबे, वीर रस की कवयित्री कविता तिवारी, हास्य कवि श्री दिनेश बावरा ने अपनी कविताओं से समां बांधा। मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी और उनके स्वस्थ, सुदीर्घ, खुशहाल एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह छत्तीसगढ़ के विकास पुरूष हैं, उन्होंने 15 वर्षों तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा की है। उनका जन्मदिन मनाने के लिए राज्य के मंत्री, सांसद, विधायक और दूर-दूर से जनप्रतिनिधिएवं जनसामान्य एकत्र हुआ है। मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव की भूमि को प्रणाम करते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का जन्म कबीरधाम जिले में हुआ था, लेकिन संस्कारधानी राजनांदगांव उनकी कर्मभूमि है। राजनांदगांव की जनता ने उन्हें विधायक, सांसद, केन्द्रीय मंत्री, तीन बार मुख्यमंत्री और वर्तमान में विधानसभा अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य का निर्माण किया, लेकिन उसे संवारने और गढऩे का कार्य डॉ. रमन सिंह ने किया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जन्मदिन पर जो स्वागत किया उसके लिए अभिभूत हूं। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव ने उन्हें एक नई पहचान दी है और परिवर्तन की यात्रा राजनांदगांव की धरती से प्रारंभ हुई, जिसके लिए उन्होंने सभी का आधार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की धरती में जो कोई आता है, उसका विकास होता है। उन्होंने कहा कि राजा घासीदास और बलराम दास ने राजनांदगांव शहर का आधार रखा और इस नगरी की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। यह नगरी साहित्यकार पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी, डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र, गजानंद माधव मुक्तिबोध की नगरी है। यहां नंदूलाल चोटिया, कुंज बिहारी चौबे और गणेश खरे जैसे साहित्यकार रहे है। यहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर प्यारेलाल सिंह ने राजनांदगांव में जन्म लेकर स्वतंत्रता के लिए आंदोलन का नेतृत्व किया। उन्होंने सफल फिल्मकार किशोर साहू, दाऊ खुमान साव, दाऊ मंदरा जी जैसी हस्तियों का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव मेरा अभिमान और मेरा स्वाभिमान है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय किसानों के जीवन में परिवर्तन लेकर आये है। उन्होंने किसानों के लिए जो घोषणा की उसका क्रियान्वयन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने 3100 रूपए में धान खरीदी, 21 क्विंटल धान खरीदी, दो साल का बोनस, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना से लाभान्वित कर रहे हैं। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग मंत्री विजय शर्मा, आदिम जाति, अनुसूचित जाति,मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल, वाणिज्य-उद्योग मंत्री लखन देवांगन, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक श्रीमती रेणुका सिंह विधायक गुरू खुशवंत , सांसद संतोष पाण्डेय, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, जनप्रतिनिधि प्रेमप्रकाश पाण्डेय, महेश गागड़ा, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी दीपक झा, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, युवा वेलफेयर फाउण्डेशन के अध्यक्ष भावेश बैद सहित अन्य जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य एवं अधिकारी व बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित थे।