दौड़ेंगी दो नई एंबुलेंस, विधायक ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
कोण्डागांव, 14 अक्टूबर 2024। बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और विधायक सुश्री लता उसेंडी ने जिला अस्पताल परिसर से दो नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये एंबुलेंस जिला के माकड़ी और फरसगांव विकासखंड के बड़ेडोंगर क्षेत्र में संचालित की जाएंगी। इन एंबुलेंस स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
खास बात यह है कि इनमें से एक एंबुलेंस में लाइफ सपोर्ट सिस्टम की सुविधा भी उपलब्ध है, जो गंभीर मरीजों के लिए एक वरदान साबित होगी। इस अत्याधुनिक सुविधा से सुसज्जित एंबुलेंस के माध्यम से, ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के मरीजों को त्वरित और आवश्यक चिकित्सा सहायता मिलेगी, जिससे उनकी जान बचाई जा सकेगी। इस मौके पर विधायक ने कहा कि कोण्डागांव में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इन एंबुलेंसों के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सुविधा समय पर मिलेगी, जो अब तक एक बड़ी चुनौती रही है। जिले में इन एंबुलेंसों के संचालन से आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को नई दिशा मिलेगी। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, एंबुलेंस की सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना करने में मददगार साबित होंगी। लाइफ सपोर्ट सिस्टम से लैस एंबुलेंस से गंभीर हालत में मरीजों को समय पर उचित देखभाल मिल सकेगी, जिससे उनकी जान बचाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
इस कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, दीपेश अरोरा, पार्षद अंकुश जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सिंह, सिविल सर्जन डॉ. आरसी ठाकुर और जिला अस्पताल के डॉक्टर, स्टाफ सदस्य और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
