बस्तर में यलो अलर्ट, समुद्री हवा में नमी से बरस रहा पानी

रायपुर 11 अक्टूबर 2024। बस्तर संभाग के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। बस्तर में कई स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं गरज-चमक के साथ पानी बरसेगा और बिजली भी गिर सकती है। प्रदेश में समुद्र से आ रही नमी के कारण पिछले दो-तीन दिनों से रायपुर समेत राज्य के कई हिस्सों में बादल बन रहे हैं। इस वजह से गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है।
छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से से मानसून की वापसी 15 अक्टूबर के आसपास होने की संभावना है। वहीं 20 अक्टूबर के बाद पूरे छत्तीसगढ़ से मानसून विदा हो जाएगा। गुरुवार को बीजापुर में सबसे ज्यादा 30 मिमी बरसात हुई। शुक्रवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री दंतेवाड़ा में रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायपुर में दिन का पारा 33.6 डिग्री, बिलासपुर में 33 डिग्री, जगदलपुर में 33.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी नौतनवा, सुल्तानपुर, पन्ना, नर्मदापुरम, खरगांव, नंदुरबार, नवसारी से गुजरकर हो रही है। अगले 2-3 दिनों के दौरान गुजरात, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ और भागों और बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई हो सकती है।