हटेगी चौपाटी, बनाया जाएगा ओपन रीडिंग व प्ले जोन
रायपुर 11 अक्टूबर 2024। विवादों में रही जीई रोड की चौपाटी को हटाने की तैयारी है। विधायक राजेश मूणत ने रायपुर स्मार्ट सिटी परामर्शदात्री समिति की बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए हैं। यहां पर छात्रों के लिए ओपन रीडिंग और प्ले जोन का निर्माण किया जाएगा।
दरअसल, चौपाटी हटाने 15 अक्टूबर को भाजपा पार्षदों के साथ निगम घेराव की विधायक राजेश मूणत ने चेतावनी दी थी। चेतावनी के बाद अन्य विभिन्न विषयों को लेकर रायपुर स्मार्ट सिटी परामर्शदात्री समिति की शुक्रवार को बैठक हुई, जिसमें बैठक में चौपाटी को हटाकर यूथ हब बनाने का फ़ैसला लिया गया। तत्कालीन सरकार और नगर निगम ने गलत जानकारी के साथ प्रोजेक्ट को शुरू किया। स्मार्ट सिटी को काम शुरू करने से पहले ये चेक करना होता है कि ज़मीन उनकी है या नहीं। खुद के ज़मीन पर ही निर्माण और टेंडर किया जाता है। लेकिन ग़लत तरीके से काम किया गया है।
राजेश मूणत ने कहा कि शहर के बीच में एजुकेशन हब है, विश्वविद्यालय, कॉलेज और लाइब्रेरी है। इनकी सरकार में कह रहे थे यूथ हब बन रहा, लेकिन यूथ हब के नाम पर कोई काम नहीं किया। विधानसभा में मुद्दा उठाया गया था। तथ्यों की जाँच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई का फ़ैसला हुआ है। चौपाटी की जगह अब यूथ एक्टिविटी के लिए प्रस्ताव दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि जीई रोड के किनारे साइंस कॉलेज के मैदान के सटकर नगर निगम और स्मार्ट सिटी कंपनी ने चौपाटी बनाने का प्रस्ताव रखा था, जिसका राजेश मूणत ने विरोध किया और 11 दिनों तक धरना दिया था।
