महिलाओं को मछली पालन का प्रशिक्षण

जशपुरनगर 10 अक्टूबर 2024। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय प्रदेश की महिलाओं को विभिन्न गतिविधियां में शामिल कर उनके लिए स्व-रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। महिलाओं को अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए मुर्गी पालन, मछली पालन, एवं अन्य आजीविका मूलक गतिविधियों से जोड़ने के लिए कहा गया है।कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के मार्गदर्शन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार के दिशा-निर्देश में लखपति पहल अंतर्गत समूह की महिला सदस्यों को निरंतर रूप से अभिसरण के साथ मछली पालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी कड़ी में दुलदुला विकासखंड के सामुदायिक भवन में मत्स्य निरीक्षक कुमारी शीला मिंज और डीपीएमएन आरएलएम द्वारा मछली पालन करने वाले समूह को प्रशिक्षण प्रदान दिया गया। प्रशिक्षण में मछली पालन के लिए 3 लेयर में पालन करने की विधि बताई गई। तालाब में मछली का संचयन करने से पहले की तैयारी, उर्वरीकरण, संचय पश्चात रख रखाव एवं अन्य बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। मत्स्य विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की भी जानकारी दी गई। और लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। मछली पालन आय का उत्तम साधन है। कम लागत से अच्छा लाभ कमाया जा सकता है।