जल जीवन मिशन, बसंती के चेहरे पर मुस्कान, साफ पानी पहुंचने से जीवन हुआ आसान

बेमेतरा 9 अक्टूबर 2024। ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन ने एक नई रोशनी फैलाई है। विशेष रूप से उन महिलाओं के जीवन में जो अब तक घर-परिवार और पानी की आवश्यकताओं के बीच संघर्ष करती आ रही थीं। इस मिशन का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, और बेमेतरा के ग्रामीण अंचल में इसका प्रभाव स्पष्ट दिखाई देने लगा है। पिपरभट्ठा गांव की बसंती रजक इसका जीता-जागता उदाहरण है।
बसंती रजक, जो अपने छोटे बच्चे को गोद में लिए घर के भीतर पानी भर रही थी, के चेहरे पर सुकून और संतुष्टि की झलक साफ दिखाई दे रही थी। पहले बसंती को दिनभर घरेलू कामों के बाद, अपने बच्चे को अकेला छोड़कर, दूर पानी के लिए जाना पड़ता था। गांव के अधिकांश महिलाओं की दिनचर्या भी कुछ ऐसी ही थी, जहां पानी लाना उनके रोज़मर्रा का सबसे बड़ा काम बन चुका था। गर्मी के मौसम में पानी की कमी और सर्दी में ठंड के बीच महिलाओं को यह संघर्ष सहन करना पड़ता था।
जब से जल जीवन मिशन ने बेमेतरा के पिपरभट्ठा और अन्य गांवों में पानी की पाइपलाइन बिछाई है और हर घर में नल से पानी पहुंचने लगा है, तब से महिलाओं की दिनचर्या और जीवन में अद्भुत बदलाव आया है। अब उन्हें मीलों पैदल चलकर पानी लाने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे न केवल उनका समय बचता है, बल्कि शारीरिक श्रम भी कम हुआ है।
बसंती जैसी हज़ारों महिलाएं अब घर के भीतर ही शुद्ध पेयजल प्राप्त कर रही हैं। इससे उनके स्वास्थ्य में भी सुधार हुआ है, क्योंकि उन्हें साफ़ और सुरक्षित पानी मिल रहा है। जल जनित बीमारियों में कमी आई है, जिससे गांवों की सेहत में भी व्यापक सुधार देखा जा रहा है। अब महिलाएं पानी की कमी के डर से बाहर जाकर मेहनत करने की बजाय, अपने परिवार और अन्य महत्वपूर्ण कामों में ध्यान दे पा रही हैं।