मोदी का स्वच्छता का संकल्प पूरा होते दिख रहा – विधायक

गरियाबंद, 2 अक्टूबर 2024। स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं विगत तीन माह से चल रहे सम्पूर्णता अभियान का जिला स्तरीय समापन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रमग रियाबंद के गांधी मैदान में आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रोहित साहू शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक साहू ने आम नागरिकों को स्वच्छता का संकल्प दिलाते हुए इस अभियान में अपनी शत प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिए गये स्वच्छता का संकल्प आज पूरा होते दिख रहा है। लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक हो रहे है तथा अन्य लोगों को भी प्रेरित कर रहे है। विधायक ने स्वच्छता को अपनी प्रतिदिन की जीवनशैली में अपनाने एवं अपने घर सहित आसपास के जगहों की भी साफ-सफाई में भी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम में कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने जिले में चलाये गये व्यापक स्वच्छता अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए नगरीय निकाय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें समाज के सभी वर्ग ने अपनी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में विधायक, कलेक्टर एवं अन्य अतिथियों ने स्वच्छता एवं सम्पूर्णता अभियान के क्षेत्र में विशेष रूप से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने वाले जिले के स्वच्छताकर्मियों, सरपंच, महिल समूह, सचिव, आम नागरिक एवं अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री वितरण, स्वच्छता किट, लाभान्वितों को चेक वितरण एवं आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागीय स्टॉलों के द्वारा लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। अतिथियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर शासकीय योजनाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर बच्चों को अन्नप्राशन एवं गर्भवती महिलाओं का गोदभराई के तहत सुपोषण किट का वितरण किया गया। विधायक, कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत गांधी मैदान परिसर में वृक्षारोपण किया। साथ ही स्वच्छता ही सेवा पोस्टर के समक्ष सेल्फी भी खिचवाई। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रीता यादव, नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य चन्द्रशेखर साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सोनटेके, वरिष्ठ नागरिक राजेश साहू, अनिल चंद्राकर, पार्षद आसिफ मेमन, वंश गोपाल सिन्हा, श्रीमती मिलेश्वरी साहू, श्रीमती बिंदु सिन्हा, श्रीमती रेणुका साहू सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।