कूड़ा प्रबंधन, जन्म-मृत्यु पंजीयन, जाति-निवास प्रमाण-पत्र को लेकर कलेक्टर ने दिए निर्देश

दंतेवाड़ा, 1 अक्टूबर 2024। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी द्वारा ऑनलाइन लिंक के माध्यम से साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली गई। ऑनलाइन बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से समय-सीमा की लंबित प्रकरणों पर की गई कार्यवाही की जानकारी लेते हुए कहा कि ठोस और तरल कचरे के प्रबंधन के लिए सभी नगरीय निकाय एवं जनपद सीईओ परस्पर समन्वय कर बेहतर परिणाम देवें। इसी प्रकार कचरे के रिसाइक्लिंग और निपटान हेतु दोनों विभाग को रणनीति बनाने की आवश्यकता है। इसके अलावा सभी एनआरएलएम सेंटरों को वास्तविक रूप में रोजगार परक केन्द्र के रूप में विकसित करें। इसके साथ ही उन्होंने नगरीय एवं ग्राम पंचायत क्षेत्र में घुमन्तु पषुओं के व्यवस्थापन के लिए प्रभावी कार्यवाही पर जोर दिया। स्वच्छता ही सेवा अभियान के संदर्भ में 2 अक्टूबर को पूरे नगरीय निकायों में विशेष रूप से सफाई अभियान चलाने के लिए सभी नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर द्वारा कहा गया कि 2 अक्टूबर को तड़के से ही सफाई अभियान प्रारंभ होकर 9 बजे तक पूर्ण हो जाना चाहिए। इसके अलावा कलेक्टर ने चतुर्थ एवं तृतीय वर्ग के कर्मचारियों के परिवारों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से सेचुरेशन हेतु शिविर लगाने की भी बात कही। इसके साथ ही उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल प्रदाय योजनाओं को सुचारू तरीके से संचालन के संबंध में, जाति निवास प्रमाण पत्र प्रदाय, फौती नामांतरण, जिले में जन्म मृत्यु पंजीयन की स्थिति एवं अद्यतन जानकारी भी विभागों से चाही। इसके अलावा कलेक्टर द्वारा स्वास्थ्य विभाग के अन्तर्गत सिकल सेल एवं मोतियाबिंद के संबंध में कार्य योजना, कृषि विभाग से किसान सम्मान निधि, आधार सीडिंग, किसान क्रेडिट कार्ड, एफआरए क्लस्टर,के संबंध में भी दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्व रंजन, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, डिप्टी कलेक्टर कमल किशोर सहित अन्य अधिकारी ऑनलाईन लिंक के माध्यम से जुड़े थे।