जैविक जिला बनाने 110 गांव के 10 हजार किसानों का प्रमाणीकरण
दंतेवाड़ा, 30 सितम्बर 2024। कृषि विभाग के द्वारा दंतेवाड़ा को जैविक जिला बनाने प्रयास किए जा रहा है। इसके लिए किसानों को जैविक खेती की विभिन्न तकनीकों से अवगत कराना, किसानों को रासायनिक कृषि को छोड़ कर जैविक कृषि की ओर अग्रसर करना एवं किसानों का जैविक प्रमाणीकरण इत्यादि गतिविधियां शामिल है। इस क्रम में दंतेवाड़ा जिले में रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों का प्रचार, विक्रय प्रतिबंधित किया गया है। इसके अलावा वृहद क्षेत्र प्रमाणीकरण अंतर्गत जिले के 110 गांव के 10 हजार 2 सौ 64 किसानों की 65 हजार 2 सौ 79 हेक्टेयर भूमि का जैविक प्रमाणीकरण किया जा चुका है जो की देश में सबसे बड़ा क्षेत्र है। वर्तमान में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए जिले के 220 ग्रामों में तीन चरणों में कृषक खेत पाठशाला का आयोजन के साथ-साथ जैविक कार्यकर्ताओं के माध्यम से तकनीकी सहयोग किसानों को दिया जा रहा है। इसके अलावा जैविक किसानों का विभिन्न जगहों पर अभ्यास भ्रमण एवं आवासीय प्रशिक्षणों का आयोजन भी किया जा रहा है।