मोहला 25 सितंबर 2024। जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के अंतर्गत जिला खनिज न्यास संस्थान निधि से विभिन्न स्कूल भवन निर्माण कार्य के लिए राशि स्वीकृत किया गया है। जिले में गुणवत्ता युक्त शिक्षा को बढ़ावा देने और जिले को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट बनाने के उद्देश्य से राशि स्वीकृत किया गया है। जहां प्राथमिक शालाओं में आकर्षक रंग-रोगन पेंटिंग, बच्चो को प्रेरित करते आकर्षक चित्र रेखांकित किया जायेगा। वही हाई स्कूल में बच्चों के अध्ययन के अनुरूप शाला भवन निर्माण कराया जायेगा। कार्यालय कलेक्टर खनिज संस्थान न्यास शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 सितंबर 2023 से अब तक 5 करोड़ 11 लाख 80 हजार रुपये राशि स्वीकृत किया गया है। स्वीकृत राशि से विकास खंड मोहला के अंतर्गत प्राथमिक शाला मार्री में स्कूल भवन निर्माण कार्य के लिए 14 लाख 30 हजार रुपये राशि स्वीकृत किया गया है। इसी प्रकार हाई स्कूल भवन निर्माण कार्य भोजटोला एवं हाई स्कूल भवन निर्माण कार्य पेंदाकोड़ो के लिए क्रमश: 1 करोड़ 37 लाख रुपये राशि स्वीकृत किया गया है। इसी प्रकार विकासखंड मानपुर के अंतर्गत प्राथमिक शाला गहनगट्टा, प्राथमिक शाला मासूल में भवन निर्माण के लिए क्रमश: 14 लाख 30 हजार रुपये एवं इरागांव मेें हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए 01 करोड़ 37 लाख रुपये स्वीकृत किया गया है। इसी प्रकार अंबागढ़ चौकी विकासखंड के अंतर्गत प्राथमिक शाला बूटाकसा सिरालगढ़ के लिए 14 लाख 30 हजार रुपये, प्राथमिक शाला भवन खुर्सीटिकुल निर्माण कार्य के लिए 15 लाख रुपये, प्राथमिक शाला खैरी, प्राथमिक शाला तुमड़ीकसा में स्कूल भवन निर्माण कार्य के लिए क्रमश: 14 लाख 30 हजार रुपये की राशि स्वीकृत किया गया है। जिला खनिज न्यास संस्थान के अंतर्गत स्वीकृत राशि से उक्त शालाओं में भवन निर्माण कार्य किया जा रहा है।