आवास मित्र के चयन हेतु पात्र-अपात्र सूची जारी

उत्तर बस्तर कांकेर, 24 सितंबर 2024। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अन्तर्गत हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं सामग्री की उपलब्धता में सहायता के दृष्टिकोण से प्रत्येक क्लस्टर में “आवास मित्र, समर्पित मानव संसाधन“ के चयन हेतु 13 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित किये गये थे। जिला पंचायत के सीईओ श्री सुमित अग्रवाल ने बताया कि निर्धारित तिथि में प्राप्त आवेदनों का प्रारंभिक जांच उपरांत जनपदवार पात्र, अपात्र अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन दावा आपत्ति हेतु किया गया है, जिसका अवलोकन जिला पंचायत के सूचना पटल एवं जिले की वेबसाइट www.kanker.gov.in पर किया जा सकता है। उक्त सूची में प्रकाशित जानकारी से यदि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की आपत्ति अथवा त्रुटि सुधार करवाना हो तो वे अपना अभ्यावेदन सुसंगत दस्तावेजों के साथ कार्यालय जिला पंचायत की आवक शाखा में आगामी 30 सितम्बर तक कार्यालयीन समय में प्रस्तुत कर सकते है। निर्धारित तिथि एवं समय के पश्चात प्राप्त दावा-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जायेगा।