लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश, 2 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा
गरियाबंद 13 सितंबर 2024। जिले में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जायेगा। स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता थीम पर स्वच्छता ही सेवा 2024 कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसी तारतम्य में आज स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता का ऑनलाईन कार्यक्रम दिल्ली में आयोजित हुआ। इसमें देशभर के जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण शामिल हुए। कलेक्ट्रेट कार्यालयय के एनआईसी कक्ष से राजिम विधायक श्री रोहित साहू इस ऑनलाईन कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रीता यादव, जिला पंचायत सदस्य श्री चन्द्रशेखर साहू, श्री फिरतुराम कंवर, श्रीमती मधुबाला रात्रे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के संबंध में विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को इस अभियान में जोड़ने की अपील की गई। कार्यक्रम पश्चात विधायक श्री साहू ने जिलेवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने अपने आसपास वातावरण को साफ रखने। स्वच्छता के प्रति सजग रहने एवं सही तरीके से कचरे का प्रबंधन करने की अपील की। विधायक श्री साहू ने केन्द्र सरकार द्वारा चलाये जाने वाले स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील जिलेवासियों से की। साथ ही अपने आसपास गांव, घर को स्वच्छ रखने अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री दीपक अग्रवाल ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत किये जाने वाले गतिविधियों हेतु विभागवार कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया है। पखवाड़ा के दौरान लोगों को प्रकृति की स्वच्छता, आचरण की स्वच्छता के अनुसार स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस बार स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम मुख्य तीन बिन्दु पर आयोजित किया जायेगा। प्रथम थीम, स्वच्छता की भागीदारी जिसमें जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति हेतु ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में व्यापक रूप से स्वच्छता श्रमदान, स्वच्छता रैली, स्वच्छता चौपाल एवं मैराथन जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें प्रत्येक वर्ग अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुये स्वच्छता भी संस्कार भी एवं स्वच्छता ही स्वभाव की परिकल्पना को साकार एवं मूर्त रूप प्रदान करेगें। दूसरी थीम, संपूर्ण स्वच्छता अंतर्गत ग्राम पंचायत एवं शहरी क्षेत्र के चौक-चौराहे, सार्वजनिक जगहों, धार्मिक स्थल, पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। इसी प्रकार तीसरी थीम के तहत सफाई मित्र सुरक्षा शिविर के रूप में संपूर्ण जिले में आयोजित किया जायेगा।
