फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। ब्रेक के बाद देश के बड़े हिस्से में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुल मिलाकर कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार भारी बारिश के बीच मनाया जाएगा। मौसम विभाग ने नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और असम में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बाढ़ जैसे हालात के बीच त्रिपुरा के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। मध्य भारत की बात करें तो मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर चार अन्य मौसम प्रणालियां भी सक्रिय हैं। इसके कारण ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, शहडोल, जबलपुर, उज्जैन और इंदौर संभाग में भारी बारिश होती रहेगी।