स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सरपंच एवं सचिवों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम

गरियाबंद 12 सितम्बर 2024। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वच्छता ही सेवा अभियान 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2024 तक मनाया जायेगा। कलेक्टर श्री दीपक अग्रवाल के निर्देश एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रीता यादव के मार्गदर्शन में स्वच्छता ही सेवा 2024 पखवाड़े के तहत किये जाने वाले गतिविधियों के संबंध में जिले के सरपंच एवं सचिवों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम वीडियो कान्फेस के माध्यम से कराया गया। जिसमें जिले के समस्त सरपंच एवं सचिवों को ग्राम पंचायत स्तर के लिए विविध गतिविधियों के क्रियान्वयन कैसे किया जाना है इसकी जानकारी दी गयी।
इस बार स्वच्छता ही सेवा को मुख्य तीन बिन्दु पर किया जा रहा है। प्रथम थीम स्वच्छता की भागीदारी। दूसरी थीम संपूर्ण स्वच्छता एवं अंतिम और तीसरी थीम सफाई मित्र सुरक्षा शिविर के रूप में संपूर्ण जिले में आयोजित किया जायेगा। जिले के सरपंच एवं सचिवों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम में प्रशिक्षण दे रहे जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) श्री परवेज हनफी ने बताया कि इस उन्मुखीकरण कार्यक्रम से सरपंच, सचिव अपने ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छता ही सेवा 2024 की गतिविधियों का सफल आयोजन कर पायेगें। जिससे गांवो में स्वच्छता के प्रति लोगो की सहभागिता बढेगी।