सुरक्षित बचपन अभियान : छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

84 स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को दिया गया पॉक्सो एक्ट का प्रशिक्षण
कोंडागांव, 26 नवंबर 2026/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर* के तत्वावधान में तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन में संचालित सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो एक्ट) के संबंध में आयोजित छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के कुल 84 स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता कर बाल संरक्षण एवं पॉक्सो अधिनियम के विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी प्राप्त की।
छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव खिलावन राम रिगरी द्वारा किया गया।
वही छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) सुश्री प्रतिभा मरकाम की अध्यक्षता में हुआ। समापन अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों का संरक्षण एवं उनके अधिकारों की रक्षा करना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। शिक्षकों को प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त कानूनी जानकारी का उपयोग अपने विद्यालयों में बच्चों को जागरूक करने तथा उनके लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने में करना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से बाल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान पॉक्सो अधिनियम, 2012 के विभिन्न कानूनी प्रावधानों, बच्चों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों की प्रकृति, पीड़ित बच्चों के अधिकारों, उनकी पहचान की गोपनीयता तथा बाल अनुकूल न्यायिक प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के संरक्षण एवं उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए शिक्षकों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव की सचिव सुश्री गायत्री साय की अध्यक्षता में विभिन्न प्रशिक्षण एवं जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों का सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षकों को बच्चों की भावनाओं, व्यवहार एवं समस्याओं को गंभीरता से समझना चाहिए, ताकि बच्चे बिना किसी भय या संकोच के अपनी बात साझा कर सकें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से बाल संरक्षण के प्रति संवेदनशील रहते हुए बच्चों के अधिकारों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिधारक अधिवक्ता सुरेंद्र भट्ट द्वारा पॉक्सो अधिनियम के कानूनी पहलुओं एवं विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग के बाल संरक्षण अधिकारी नरेंद्र सोनी एवं परिवीक्षा अधिकारी सौरभ तिवारी द्वारा बाल संरक्षण व्यवस्था, विभागीय दायित्वों, पीड़ित बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता एवं पुनर्वास संबंधी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया।
प्रशिक्षण सत्रों में बाल लैंगिक शोषण की पहचान, पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत अपराध की सूचना देने की प्रक्रिया, पीड़ित बच्चों के अधिकार, पहचान की गोपनीयता, अच्छे स्पर्श एवं बुरे स्पर्श की जानकारी, बाल अनुकूल व्यवहार तथा विद्यालयों में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षकों को बताया गया कि बच्चों के व्यवहार में किसी प्रकार का असामान्य बदलाव दिखाई देने पर संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्या को समझना चाहिए तथा किसी भी प्रकार के शोषण की जानकारी मिलने पर निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार संबंधित अधिकारियों को सूचित करना चाहिए।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के कुल 84 स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ प्रतिधारक अधिवक्ता, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों की सहभागिता रही।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव द्वारा संचालित इस छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों की रोकथाम, बाल अधिकारों की सुरक्षा तथा पॉक्सो अधिनियम के प्रति जमीनी स्तर पर जागरूकता बढ़ाना रहा। इस पहल के माध्यम से शिक्षकों को बाल संरक्षण के प्रति जिम्मेदार एवं संवेदनशील बनाते हुए विद्यालयों में प्रत्येक बच्चे के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.