चिखली की पूर्णिमा यादव ने तय किया लखपति दीदी बनने का सफर
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना से महिलाएं हो रही सशक्त
कपडा दुकान एवं फैंसी स्टोर्स संचालन से हो रही आर्थिक उन्नति
गरियाबंद 04 सितम्बर 2024/ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत संचालित स्व सहायता समूह से जुडकर जिले की महिलाएं अपना जीवन स्तर सुधार रही हैं। इसकी मिसाल जनपद पंचायत गरियाबंद के ग्राम पंचायत चिखली की रहने वाली श्रीमती पूर्णिमा यादव ने पेश की है। बिहान से जुड़कर उन्होंने कपड़ा दुकान एवं फैंसी स्टोर का संचालन कर लखपति दीदी बनने का सफर तय किया है। उन्हें प्रतिमाह आजीविका गतिविधियों से एक लाख रूपये से अधिक की आय प्राप्त हो रही है। पूर्णिमा यादव आस्था महिला स्व सहायता समूह में जुडने से पहले घर के कामकाज में व्यस्त रहती थी। पहले समूह के बारे में पता नहीं था। गांव में आईसीआरपी दीदियों द्वारा समूह बनाने आये तब पता चला फिर समूह के बारे में जानी और आस-पास दीदियों के साथ मिलकर समूह गठन किया। समूह को आर्थिक सहायता राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना से चक्रीय निधि प्राप्त हुआ। उसके बाद से अब तक सामुदायिक निवेश कोष से 60 हजार रुपये की राशि ऋण के रूप में लेकर छोटी सी आजीविका गतिविधि सेनेटरी पैड एवं फैंसी स्टोर्स का शुरुआत किया गया। पूर्णिमा ने बताया कि इन गतिविधियों से धीरे-धीरे आमदनी बढ़ने लगी जिससे मेरा आत्मविश्वास और बढ़ने लगा। जिसके बाद मैंने बैंक से 30 हजार रूपये की राशि ऋण के रूप में लेकर कपडा दुकान के रूप में नयी आजीविका गतिविधि की शुरुआत किया। वर्तमान में बैंक एवं समूह से लिए गये ऋण राशि को नियमित रूप से पूर्णिमा द्वारा भुगतान किया जा रहा है।
पूर्णिमा ने बताया कि आजीविका गतिविधि से आज मैं आत्म निर्भर हूँ तथा आज मेरी सालाना आय लगभग एक लाख से ज्यादा है। उस प्राप्त आय से अपने परिवार का पालन – पोषण कर रही हूँ। आत्म निर्भर होकर स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है अपने बच्चो को अच्छे स्कूल में पढ़ा पा रही हूँ । मेरे स्वयं के जीवन स्तर में सुधार आया हैं एवं ग्राम में मेरा सम्मान एवं हौसला बढ़ा है। जिले में बिहान टीम की सहायता से महिलाओ को शसक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। जिसके लिए पूर्णिमा ने बिहान योजना की प्रशंसा करते हुए शासन का आभार जताया है।
