समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों के तहत निगरानी समिति के सदस्यों को दिया गया प्रशिक्षण
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, पारदर्शिता एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 11 नवंबर 2026/खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में आगामी 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर प्रारंभ होने वाली धान खरीदी की तैयारियों के तहत आज वरिष्ठ कृषि अधिकारी कार्यालय पेण्ड्रा में उपार्जन केंद्र स्तरीय निगरानी समिति के सदस्यों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में संबंधित उपार्जन केंद्रों के सरपंच एवं प्राधिकृत अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान निगरानी समिति के सदस्यों को धान खरीदी से संबंधित शासन के दिशा-निर्देशों, उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं, निगरानी समिति की भूमिका एवं दायित्वों की जानकारी दी गई। साथ ही किसानों की सुविधा, धान की गुणवत्ता, तौल व्यवस्था तथा खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षण में वरिष्ठ कृषि अधिकारी हेमंत कश्यप, वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक मोहम्मद इरशाद सिद्दीकी, सीसीबी नोडल अधिकारी विनय कुमार साहू एवं मार्कफेड के हरिओम कश्यप ने धान उपार्जन की प्रक्रिया और निगरानी व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण का उद्देश्य धान खरीदी कार्य को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न कराना तथा किसानों को उपार्जन केंद्रों में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देना है।
