निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर ERO, AERO एवं मास्टर ट्रेनर्स का ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित
12 नवंबर को होगा मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, 06 नवंबर तक BLO एवं BLO सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण पूर्ण करने के निर्देश
बेमेतरा 31 अक्टूबर 2026/भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए जिले के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) एवं मास्टर ट्रेनर्स का ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 30 अक्टूबर 2026 को जिला कार्यालय बेमेतरा के दिशा सभाकक्ष में किया गया।
उल्लेखनीय है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाना निर्धारित है। इस महत्वपूर्ण कार्य को व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अधिकारियों एवं मास्टर ट्रेनर्स को पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़, रायपुर कार्यालय के अधिकारियों द्वारा निर्वाचन आयोग की ओर से जारी पुनरीक्षण कार्यक्रम, संबंधित विधिक प्रावधानों, आईटी एप्लीकेशन, विभिन्न प्रकार के प्रपत्रों तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही मतदाता सूची का हेल्थ एनालिसिस, प्राप्त प्रपत्रों की सुपर चेकिंग, दावा-आपत्तियों के निराकरण तथा पुनरीक्षण कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
जिला स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण के पश्चात विधानसभा एवं तहसील स्तर पर मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), बीएलओ सुपरवाइजरों एवं अभिहित अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को 06 नवंबर 2026 तक प्रशिक्षण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगामी पुनरीक्षण कार्यक्रम के सभी कार्य समय-सीमा में सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रीतम सिंह चौहान सहित जिले के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित रहे।
