बेहतर चिकित्सा सुविधा और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

जीवन दीप समिति की कार्यकारिणी की बैठक
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 31 अक्टूबर 2026/कलेक्टर विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में आज जिला चिकित्सालय के सभाकक्ष में जीवन दीप समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए जिला चिकित्सालय में बेहतर प्रबंधन एवं मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समिति के कार्यों में पारदर्शिता एवं सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए गवर्निंग बॉडी का गठन कराने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने सुरक्षित प्रसव पर विशेष जोर देते हुए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला चिकित्सालय में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रसव के मामलों में उपलब्ध सुविधाओं के स्तर पर समुचित उपचार किया जाए, जिससे रेफर करने की स्थिति नहीं बने। गंभीर अवस्था में रेफर किए जाने वाले प्रकरणों की जानकारी प्रत्येक माह उन्हें उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में लॉन्ड्री मशीन की स्थापना के लिए स्थान चिन्हित करने तथा फायर एग्जिट के लिए रैम्प निर्माण कराने के लिए पूर्व में दिए गए निर्देश का पालन सुनिश्चित करने कहा गया। बैठक में ड्रेसिंग कार्य के लिए शुल्क निर्धारण, ईएनटी ऑडियोमेट्री कक्ष एवं टेक्नीशियन की भर्ती के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग के समन्वय से ईएनटी ऑडियोमेट्री का कार्य कराने कहा। मरीजों को बेहतर शल्य चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जनरल सर्जन की पदस्थापना हेतु शासन को पत्र भेजने पर भी चर्चा हुई। बैठक में आभा आईडी में मरीजों का विवरण दर्ज करने, स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट की सुविधाओं, लैबोरेटरी जांच की स्थिति तथा मर्चुरी कक्ष में अलग से शव विच्छेदक की व्यवस्था सहित विभिन्न चिकित्सा व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
कलेक्टर ने चिकित्सालय परिसर में नियमित साफ-सफाई एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सिविल सर्जन को मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के साथ बेहतर समन्वय करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला चिकित्सालय परिसर में बनने जा रहे नया जिला चिकित्सालय भवन के ड्राइंग-डिजाइन का अवलोकन किया तथा संबंधित निर्माण ऐजेंसी को तत्काल लेआउट तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पैकरा सहित लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सीएसपीडीसीएल एवं नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारी तथा समिति के सदस्य उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े