जिला स्तरीय युवा उत्सव में शामिल होने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर
उत्तर बस्तर कांकेर, 21 अक्टूबर 2026/ राज्य के प्रत्येक जिले से युवाओं के बीच पारस्परिक एकीकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा एकता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 29 अक्टूबर गुरुवार को प्रातः 10 बजे से नया बस स्टैंड स्थित डोम कांकेर में किया जाना प्रस्तावित है। युवा उत्सव में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों के पंजीयन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
जिला खेल अधिकारी एवं खेल तथा युवा कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार युवा उत्सव में विकसित भारत चैलेंज ट्रेक, लोक नृत्य (दलीय), लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, पारंपरिक वेशभूषा, रॉकबैंड (रॉकबैंड का आयोजन केवल राज्य स्तर पर) तथा क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष तक के युवा प्रतिभागी तथा 18 से 40 वर्ष तक के संगतकार (दिनांक 17 अगस्त 2026 की स्थिति में) भाग ले सकेंगे।
जिला स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को ‘‘माई भारत’’ पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीयन कराने की अपील की गई है। पूर्व में विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग के राष्ट्रीय स्तर पर भाग ले चुके प्रतिभागी इस वर्ष उक्त डायलॉग के लिए पात्र नहीं होंगे। भारत सरकार द्वारा निर्धारित विधाओं (विकसित भारत चैलेंज ट्रेक, लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक) में चयनित प्रतिभागी अथवा दल राष्ट्रीय युवा उत्सव में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में किया जाना प्रस्तावित है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी कार्यालयीन समय में कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला उत्तर बस्तर कांकेर में संपर्क कर सकते हैं।
