कोदागांव से खरगांव तक 3.425 किलोमीटर सड़क निर्माण का भूमिपूजन

3.10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दूर होगी आवागमन की परेशानी
कोण्डागांव, 21 अक्टूबर 2026/ ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने, शिक्षा के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने और गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में जिले में विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत चौड़ंग अंतर्गत कोदागांव से खरगांव तक 3.425 किलोमीटर लंबाई की सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस कार्य के लिए 3 करोड़ 10 लाख 37 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही विद्यार्थियों और अन्य नागरिकों को आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर कोण्डागांव विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी ने अपने संबोधन में कहा कि सड़कें विकास की आधारशिला हैं। सड़क सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों का आवागमन सुगम होता है और क्षेत्र में विकास की गतिविधियों को गति मिलती है। सड़क नहीं होने से लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बरसात के दिनों में आवागमन कठिन हो जाता है, जिससे विद्यार्थियों सहित ग्रामीणों के दैनिक कार्य प्रभावित होते हैं।उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण होने से ग्रामीण अपनी सुविधानुसार साइकिल और मोटरसाइकिल से गांव से शहर तक आसानी से आ-जा सकेंगे। इससे लोगों को आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन करने में सहूलियत मिलेगी। सड़क सुविधा बेहतर होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होती है। जब किसी क्षेत्र में सड़क का निर्माण होता है, तो वहां विकास के नए रास्ते खुलते हैं और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
विधायक सुश्री उसेंडी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के साथ-साथ कोण्डागांव जिले में भी अनेक विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि आम नागरिकों को आवश्यक सेवाओं के लिए कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। इसके लिए पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है। सड़क निर्माण से आवागमन की सुविधा बढ़ती है, विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सहूलियत मिलती है और ग्रामीणों को अपने जरूरी कार्यों के लिए शहर तक पहुंचने में आसानी होती है। शासन की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार हो। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिलता है और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलती है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध कराना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। श्रम विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विभाग के माध्यम से पात्र श्रमिकों और हितग्राहियों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने स्कूली छात्राओं और गर्भवती माताओं के लिए उपलब्ध योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पात्र श्रमिकों से श्रम विभाग में पंजीयन कराने की अपील की। उद्यानिकी विभाग द्वारा पौधा वितरण सहित संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण करने की अपील करते हुए प्रत्येक परिवार को पांच-पांच नारियल के पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ग्रामीण उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की जानकारी लेकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं और अपने आसपास हरियाली बढ़ाने में योगदान दें।
चिमड़ी और पाला में भी होंगे विभिन्न निर्माण कार्य
क्षेत्र में विकास कार्यों के अंतर्गत ग्राम पंचायत चिमड़ी में माता मंदिर के पास 5 लाख रुपये की लागत से आहता निर्माण कार्य किया जाना है। वहीं, ग्राम पंचायत पाला में 19 लाख रुपये की लागत से नवीन प्राथमिक शाला भवन का निर्माण किया जाना है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में शैक्षणिक अधोसंरचना को मजबूत करने में मदद मिलेगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य होगा। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत पाला में वड्डे पुजारी के घर के पास 3 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य भी प्रस्तावित है। इन निर्माण कार्यों से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
सड़क निर्माण से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को मिलेगी राहत
कोदागांव निवासी बालक दास मानिकपुरी ने सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा होगा। इससे आवागमन आसान होगा और ग्रामीणों को अपने आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गांवों में विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
वहीं, कोदागांव निवासी कुमारी हिमानी मानिकपुरी और उनके साथियों ने भी सड़क निर्माण को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि बरसात के दिनों में आवागमन के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को कठिनाइयां होती थीं। सड़क निर्माण होने से विद्यार्थियों सहित अन्य ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, ग्राम पंचायत चौड़ंग के सरपंच मंगलू राम नेताम, ग्राम पंचायत पाला की सरपंच श्रीमती मदनी बाई नेताम, ग्राम पंचायत चिमड़ी की सरपंच श्रीमती रूपती कोर्राम, ग्राम पंचायत चलका की सरपंच श्रीमती चुनी बाई सोड़ी, ग्राम पंचायत कोकड़ी की सरपंच श्रीमती दयाबत्ती मरावी, धंजू मरकाम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े