पुलिस ग्राउंड में 02 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन

विभागीय प्रदर्शनी की थीम “सशक्त नारी, युवा उड़ान” के माध्यम से शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की लगेगी प्रदर्षनी
01 से 03 नवम्बर की रात्रि जिला मुख्यालय के शासकीय भवनों सहित अन्य स्थलों पर की जाएगी रोषनी
गरियाबंद, 21 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय गरियाबंद में आयोजित होने वाले एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने पुलिस ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर मंच निर्माण, विद्युत एवं साउंड सिस्टम, लाइटिंग, बैरिकेडिंग, दर्शक दीर्घा, वीआईपी एवं मीडिया बैठक व्यवस्था, कलाकारों के ठहरने, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर उपस्थित थे।
राज्य शासन के निर्देशानुसार राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में 02 नवंबर को एक दिवसीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें विभागीय उपलब्धियों, महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी की मुख्य थीम “सशक्त नारी, युवा उड़ान” रखा गया है। कलेक्टर ने कहा कि आयोजन को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। राज्योत्सव के अवसर पर 02 नवंबर को स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कलेक्टर ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शालीन एवं गरिमामय रखने तथा किसी भी प्रकार के अभद्र प्रदर्शन से बचने के निर्देश दिए।
राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 01 नवंबर से 03 नवंबर 2026 तक जिला मुख्यालय स्थित शासकीय भवनों में रोशनी की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्था करने तथा निजी संस्थानों को भी भवनों में रोशनी करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, पंकज डाहिरे, एसडीएम सुश्री हितेश्वरी बाघे, एसडीओपी सुश्री निशा सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े