कलेक्टर रणबीर शर्मा ने विभिन्न निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
गरियाबंद 14 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर रणबीर शर्मा ने मंगलवार शाम जिला मुख्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डोंगरीगांव में नवीन महिला महाविद्यालय के लिए चिन्हांकित स्थल, निर्माणाधीन 50 बिस्तर की क्रिटिकल केयर यूनिट, जिला अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर, सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के 40 आवासों तथा निर्माणाधीन जिला परिवहन कार्यालय भवन का जायजा लिया। कलेक्टर शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, अधोसंरचनाओं का समय पर उपयोग सुनिश्चित करने और लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर शर्मा ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, उपाध्यक्ष आशिफ मेमन एवं पार्षदों से नगर के विकास के लिए सार्थक चर्चा भी की। इस दौरान एसडीएम सुश्री हितेश्वरी बाघे, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता रामेश्वर कंवर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवरत्न, सीएमओ श्रीमती संध्या वर्मा सहित परिवहन, वन एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
महिला महाविद्यालय का निर्माण जल्द शुरू करने के निर्देश –
कलेक्टर शर्मा ने डोंगरीगांव में नवीन महिला महाविद्यालय के निर्माण के लिए चिन्हांकित स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने तथा कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। महिला महाविद्यालय के निर्माण से क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी।
क्रिटिकल केयर यूनिट तक पहुंच मार्ग बनाने के निर्देश –
कलेक्टर शर्मा ने डोंगरीगांव में निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच चुकी 50 बिस्तर की क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की स्थिति का जायजा लेते हुए मुख्य सड़क से अस्पताल तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पहुंच मार्ग का निर्माण कराने के निर्देश दिए। इसके लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मिट्टी-मुरुम सड़क तैयार कराने के लिए कहा, ताकि अस्पताल तक पहुंचने में मरीजों और उनके परिजनों को असुविधा न हो।
जिला अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर का उपयोग सुनिश्चित करें –
क्रिटिकल केयर यूनिट के समीप लगभग दो वर्ष पूर्व निर्मित जिला अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने भवनों का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि आवासों को अधिकारी-कर्मचारियों को आवंटित कर उपयोग में लाया जाए। परिसर तक पहुंच मार्ग बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि आवासों तक आवागमन सुगम हो सके। कलेक्टर ने परिसर में निर्मित प्रशिक्षण केंद्र भवन का भी अवलोकन किया और उसे उपयोगी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय भवनों का निर्माण होने के बाद उनका समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए, जिससे उपलब्ध संसाधनों का बेहतर लाभ मिल सके।
जीएडी के 40 आवासों को 15 दिन में आवंटित करने के निर्देश –
कलेक्टर शर्मा ने परिसर में निर्मित सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के 40 आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवासों के भीतर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवासीय परिसर में पहुंच मार्ग और बाउंड्री से संबंधित आवश्यक कार्यों को पूरा कराने पर जोर दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सभी 40 आवासों का आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि निर्मित आवासों को शीघ्र उपयोग में लाया जाए, ताकि अधिकारी-कर्मचारियों को आवासीय सुविधा मिल सके और शासकीय परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग हो। कलेक्टर ने डोंगरीगांव में निर्माणाधीन जिला परिवहन कार्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और कार्यों की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया। जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर ने लगभग 20 एकड़ भूमि चिन्हांकित करने के निर्देश एसडीएम को दिए। उन्होंने भूमि की उपलब्धता और उपयुक्तता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि भविष्य में खेल गतिविधियों के विस्तार के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके।
नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण –
कलेक्टर शर्मा ने नगर पालिका क्षेत्र गरियाबंद में स्वच्छ भारत अभियान के तहत संचालित एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) एवं एसआरएलएम केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता दीदियों से कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण और उसके समुचित निष्पादन की जानकारी ली। उन्होंने कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा स्वच्छता गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने पर जोर दिया।
नगर पालिका कार्यालय में विकास कार्यों की समीक्षा –
नगर पालिका गरियाबंद कार्यालय में कलेक्टर शर्मा ने नगर क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी से ली। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदगण उपस्थित रहे। कलेक्टर शर्मा ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों के साथ नगर विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने नगर के विकास कार्यों को गति देने के लिए हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान छिंद तालाब और नया तालाब सहित अन्य तालाबों के सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाकर उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और नगर की सुंदरता में वृद्धि हो।
