दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे बाइक सवारों को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन घायल
महासमुंद। ग्राम भालूचुंवा में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से लौट रहे तीन लोगों को ग्राम सुअरमाल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीनों बाइक सवार घायल हो गए। मामले में कोमाखान पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कोल्दा, थाना नुवापाड़ा, जिला नुवापाड़ा (ओडिशा) निवासी चित्रसिंग मांझी (28) अपने रिश्तेदार उदयराम मांझी और सोनू मांझी के साथ बाइक क्रमांक ओडी 26 जे 0609 से 21 सितंबर को ग्राम भालूचुंवा दशगात्र कार्यक्रम में गया था। कार्यक्रम के बाद तीनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम सुअरमाल के पास पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 04 एनएच 6333 के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में चित्रसिंग मांझी के दाहिने पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई, जबकि उदयराम मांझी और सोनू मांझी के दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना की रिपोर्ट पर कोमाखान पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
