कंधमाल से चल रहा था गांजा सप्लाई का नेटवर्क, दबोचे गए दो मुख्य सोर्स
तकनीकी जांच और मोबाइल डेटा एनालिसिस से खुला बैकवर्ड लिंक, 110 किलो से ज्यादा गांजा बरामदगी के मामलों में ओडिशा से दो सप्लायर गिरफ्तार
महासमुंद। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महासमुंद पुलिस के ऑपरेशन निश्चय में अब तस्करों के कैरियर तक सीमित कार्रवाई के बजाय गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य सोर्स तक पहुंचने की रणनीति अपनाई जा रही है। कोमाखान थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने तकनीकी जांच, मोबाइल डेटा एनालिसिस और पूछताछ के आधार पर ओडिशा के कंधमाल जिले में दबिश देकर दो मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में कुल 110.560 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 55.28 लाख रुपए है, बरामद किया गया था। गांजे के साथ वाहन, मोबाइल और नकदी समेत करीब 63.88 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
80.400 किलो गांजा मामले में मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस
पहले मामले में कोमाखान पुलिस ने 24 सितंबर को ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर कार में गांजा लेकर जा रहे अभिजीत डिगाल (23) और जयश्री प्रधान (26) को गिरफ्तार किया था। कार की तलाशी में 80.400 किलो गांजा, जिसकी कीमत 40.20 लाख रुपए थी, बरामद हुआ था। पूछताछ में गांजा कंधमाल से रायपुर ले जाने की योजना सामने आई थी।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनके मोबाइल की तकनीकी जांच के बाद पुलिस को गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सोर्स आकाश नायक (28), निवासी गुन्धानी, थाना रायकिना, जिला कंधमाल की जानकारी मिली। इसके बाद महासमुंद पुलिस की टीम ने ओडिशा में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में गांजे के अलावा दो मोबाइल और एक कार समेत कुल 48.40 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई थी।
30.160 किलो गांजा केस में सप्लायर गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई कोमाखान पुलिस ने 11 अक्टूबर को कोमाखान रेलवे स्टेशन से तीन पुरुष और दो महिलाओं समेत पांच तस्करों को गांजे के साथ पकड़ा था। ये आरोपी बैग में गांजा लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। तलाशी में 30.160 किलो गांजा, जिसकी कीमत 15.08 लाख रुपए थी, बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजा बालीगुड़ा (ओडिशा) से भावनगर (गुजरात) ले जाने की तैयारी में थे। आरोपियों से पूछताछ और मोबाइल डेटा के विश्लेषण के बाद गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायर गोदावरी नायक (52), निवासी गोईबाली, थाना बालीगुड़ा, जिला कंधमाल की भूमिका सामने आई।
पुलिस की टीम ने 12 अक्टूबर को ओडिशा में दबिश देकर गोदावरी नायक को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में गांजे के साथ तीन मोबाइल और 5,190 रुपए नकद समेत 15.48 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की गई थी।
कैरियर से आगे बढ़कर सप्लाई चेन तोड़ने पर फोकस
दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई की खास बात यह रही कि तस्करों की गिरफ्तारी के बाद जांच को वहीं नहीं रोका गया। पूछताछ, मोबाइल फोन की तकनीकी जांच और डेटा एनालिसिस के जरिए पुलिस ने बैकवर्ड लिंक तलाशते हुए गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सोर्स तक पहुंच बनाई। पुलिस अब इन मुख्य सप्लायरों के संपर्क में रहे अन्य लोगों, गांजा की सप्लाई और रिसीवर नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
