जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में कलेक्टर ने की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

जिले में 263 जल प्रदाय योजनाएं पूर्ण, 69 हजार 838 घरों में नल कनेक्शन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 13 अक्टूबर 2026/कलेक्टर विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण योजनाओं का प्रमाणीकरण कर ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने कहा। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसियों के कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा योजनाओं के संचालन एवं संधारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण परिवारों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दें।
बैठक में कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी रूपेश कुमार धनंजय ने बताया कि जिले के 222 ग्रामों की 1086 बसाहटों में 564 जल प्रदाय योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें 121 ग्रामों की 263 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 101 ग्रामों की 301 योजनाएं प्रगतिरत हैं। जिले में 84 हजार 901 घरेलू नल कनेक्शन के लक्ष्य के विरुद्ध 69 हजार 838 कनेक्शन पूर्ण किए जा चुके हैं। शेष 15 हजार 63 कनेक्शन के कार्य प्रगति पर हैं। अब तक 56 ग्रामों को हर घर जल प्रमाणित किया गया है।
बैठक में बताया गया कि जिले में 160 योजनाएं पूर्ण कर हस्तांतरित की जा चुकी हैं। इनमें 25 रेट्रोफिटिंग, 33 सोलर आधारित तथा 102 एकल ग्राम योजनाएं शामिल हैं। कुछ योजनाओं में तकनीकी कारणों से लंबित भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तकनीकी समस्याओं का निराकरण कर नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिले में जल जीवन मिशन के तहत 274 करोड़ 61 लाख़ रुपए की स्वीकृत लागत के विरुद्ध 172 करोड़ 45 लाख़ रुपए व्यय किए जा चुके हैं। बरसंतपुर एवं जटादेवरी समूह जल प्रदाय योजनाओं की प्रगति लगभग 80 प्रतिशत है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े