शौचालय निर्माण से लौटा घर का सम्मान

– स्वच्छ भारत मिशन से श्रीमती रितु बाई सिन्हा के परिवार को मिली सुविधा और सुरक्षा
राजनांदगांव 04 अक्टूबर 2026। स्वच्छ और स्वस्थ जीवन के लिए घर में शौचालय की सुविधा का होना बेहद जरूरी है। स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को स्वच्छता की सुविधाओं से जोडऩे के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शासन की इन योजनाओं से ग्रामीण परिवारों के जीवन में सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का भाव मजबूत हुआ है। ऐसी ही बदलाव की डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कल्याणपुर निवासी श्रीमती रितु बाई सिन्हा के परिवार में हुआ है। श्रीमती रितु बाई सिन्हा के घर में पहले व्यक्तिगत शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके कारण परिवार के सदस्यों को शौच के लिए घर से बाहर जाना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं को सुबह अंधेरे में अथवा शाम के समय खेतों की ओर जाना पड़ता था। बारिश के मौसम में कीचड़ और अंधेरे के कारण यह समस्या और बढ़ जाती थी। साथ ही खुले में शौच जाने से संक्रमण एवं बीमारियों का खतरा भी बना रहता था। इसी दौरान श्रीमती रितु बाई सिन्हा को ग्राम में स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण अंतर्गत चलाए गए जागरूकता अभियान के माध्यम से व्यक्तिगत घरेलू शौचालय योजना की जानकारी मिली। ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव ने शासन द्वारा घर में शौचालय निर्माण के लिए पात्र परिवारों को 12 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की जानकारी दी। उन्होंने योजना की जानकारी मिलने के बाद शौचालय निर्माण के लिए आवेदन किया। आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात उनके घर में व्यक्तिगत शौचालय का निर्माण कराया गया। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत शौचालय का फोटो सत्यापन किया गया और इसके उपरांत उनके बैंक खाते में 12 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हो गई।
श्रीमती रितु बाई सिन्हा ने बताया कि घर में शौचालय बनने से परिवार को खुले में शौच जाने की समस्या से मुक्ति मिली है। विशेषकर महिलाओं को होने वाली असुविधा और झिझक दूर हुई है। बारिश के मौसम में भी परिवार सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से शौचालय का उपयोग कर पा रहा है। शौचालय निर्माण से परिवार में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। बच्चे भी व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वच्छ वातावरण के महत्व को समझने लगे हैं। घर के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की आदत विकसित होने से परिवार के साथ-साथ गांव के स्वच्छ वातावरण को भी बढ़ावा मिला है। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत घरेलू शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु भैया को धन्यवाद ज्ञापित किया।

इन्हें भी पढ़े