जेंजरा के सेवा सेतु शिविर में नागरिकों को दी गई योजनाओं की जानकारी

सरकार की एक-एक योजना का लाभ पात्र व्यक्ति को मिले – विधायक साहू
विधायक रोहित साहू एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्राम जेंजरा के सरपंच को हर घर नल से जल पूर्ण होने पर अभिनंदन पत्र सौंपा
शिविर में हितग्राहियों को किया गया सामग्री वितरण
गरियाबंद, 04 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पंचायत जेंजरा में आयोजित सेवा सेतु विशेष शिविर ग्रामीणों के लिए शासन की योजनाओं और सेवाओं को आसानी से उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बना। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया। राजिम विधायक रोहित साहू ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने छत्तीसगढ़ के लिए विभिन्न जनहितैषी कार्य लगातार कर रही है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा अंतिम से अंतिम पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिले इसके लिए सरकार आपके द्वार के तहत आज जेंजरा में शिविर लगाया गया है। जिसमें फिंगेश्वर विकासखण्ड के सभी पंचायत के नागरिकगण उपस्थित थे।
विधायक साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आशीर्वाद का दीप, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार, सेवा मेरा योगदान, रंगोली राष्ट्र सहित विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को शासन का लाभ मिले, कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं से वंचित न रहे। शिविर में ग्रामीणों से प्राप्त एक-एक आवेदनों को अधिकारी गंभीरता एवं जवाबदेहिता के साथ निराकरण करें। उन्होंने कहा कि जिन पात्र हितग्राहियों का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नाम किसी कारण शामिल नहीं हुआ है, उनका सर्वे कराकर उनका नाम अनिवार्य रूप से जोड़े ताकि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले में अनेकानेक विकास कार्य लगातार कराएं जा रहे है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना का लाभ उठाएं।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती इंद्राणी साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी शिविर में पहुंचकर एक छत के नीचे ग्रामीणों के समस्याओं का निराकरण करने का प्रयास कर रहे है। शासन सभी वर्गाें के हितों की चिंता कर रही है। ग्रामीणजन शिविर में योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्राकर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के सभी नागरिकों से आवाहन किया है कि वे देश सेवा के लिए कार्य करें। सेवा संकल्प अभियान भारत देश के साथ-साथ अन्य देशों में भी चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया है। राज्य के निर्माण के उपरांत यहां चहुंमुखी विकास कार्य राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में गरियबंद जिले में स्कूल, कॉलेज, बिजली, सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल सहित अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की काफी कमी थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व यहां लगातार विकास कार्य एवं हितग्राही मूलक कार्य कराएं जा रहे है। जिससे जिलेवासियों को इसका लाभ मिल रहा है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया। शिविर में विधायक रोहित साहू एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायत जेंजरा की सरपंच श्रीमती हीरामणी साहू को हर घर नल से जल पूर्ण होने पर जल अर्पण कर अभिनंदन पत्र सौंपा गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत शिविर स्थल पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की बीपी एवं शुगर जांच के साथ टीबी स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस बनाने तथा एग्री स्टैक पंजीयन सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिविर में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पोषण टोकरी प्रदान की गई तथा बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा नोनी सुरक्षा योजना के तहत प्रमाण पत्र वितरित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को उनके आवास की चाबी सौंपी गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा ट्रायसिकल वितरित किया गया। राजस्व विभाग द्वारा हितग्राहियों को पट्टा प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मच्छरदानी, आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े