ग्राम ओरमा में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का हुआ आत्मीय सम्मान

कुपोषण मुक्ति व पोषण जागरूकता पर दिया गया जोर, खेलकूद गतिविधियों में ग्रामीणों और बच्चों ने दिखाया उत्साह
बालोद, 03 अक्टूबर 2026/‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन निरंतर जारी है। इसी कड़ी में आज बालोद विकासखंड के ग्राम ओरमा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय स्तर पर कुपोषण उन्मूलन, स्वास्थ्य व पोषण के प्रति जागरूकता का प्रसार तथा जमीनी स्तर पर समर्पित भाव से कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का मनोबल बढ़ाना रहा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, सेवाभाव के लिए मिला संबल
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्कृष्ट, निष्ठावान एवं निरंतर सराहनीय सेवाएं प्रदान करने के लिए ग्राम ओरमा की सरपंच श्रीमती मंजूलता साहू ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को श्रीफल भेंटकर आत्मीय सम्मान किया गया। इस अवसर पर सम्मान पाकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अत्यंत प्रसन्नचित हुईं और उन्होंने शासन एवं प्रशासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ जैसे आयोजनों से समाज और कार्यकर्ताओं के मध्य आत्मीय जुड़ाव बढ़ता है तथा जमीनी स्तर पर सेवा कार्यों को पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।
कुपोषण मुक्ति एवं पोषण शिक्षा पर विशेष जोर
आयोजन के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित माताओं, बहनों व ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण सुपोषित बचपन से ही संभव है। उन्होंने शासन द्वारा संचालित पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और कुपोषण को जड़ से समाप्त करने के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का हुआ सफल आयोजन
‘आंगन मिलन सेवा’ के अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में विभिन्न रचनात्मक, स्वास्थ्यवर्धक एवं खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय महिलाओं, माताओं एवं नन्हें-मुन्ने बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। महिलाओं के लिए मनोरंजक खेल व कुर्सी दौड़ जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसका सभी ने आनंद उठाया। साथ ही स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों, हरी सब्जियों व अनाजों की आकर्षक प्रदर्शनी सजाकर संतुलित आहार के महत्व को समझाया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अमला, शिशुवती व गर्भवती माताएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।