जनसेवा के नवाचारों को मिलेगा मंच, जीत सकेंगे 10 लाख रुपये का पुरस्कार
‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के लिए 17 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन’
बिलासपुर, 1 अक्टूबर 2026/जनसेवा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नवीन विचार और तकनीक प्रस्तुत करने वालों को भारत सरकार ने अवसर दिया है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज में इच्छुक प्रतिभागी 17 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रतियोगिता के 10 क्षेत्रों में कुल 5 करोड़ रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा एवं केंद्र शासित प्रदेश दमन-दीव के निवासी भाग ले सकते हैं। व्यक्तिगत नवप्रवर्तकों, विद्यार्थियों, छात्र समूहों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों, नवउद्यमों तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए यह प्रतियोगिता खुली है। प्रतिभागियों के पास संबंधित राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश का निवास प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। प्रतियोगिता में कृषि, कानून व्यवस्था, महिला एवं बाल विकास, शहरी विकास, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, रक्षा, ऊर्जा एवं जलवायु से जुड़ी स्थिरता, अवसंरचना एवं गतिशीलता, उभरती तकनीक तथा शिक्षा एवं रोजगार क्षमता से जुड़े क्षेत्र शामिल हैं। प्रत्येक क्षेत्र में पांच उपविषय निर्धारित हैं। इनमें फसल नुकसान का डिजिटल आकलन, शहरी बाढ़ प्रबंधन, महिला सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता जैसे विषय शामिल हैं। आवेदक को एक प्राथमिक क्षेत्र और एक उपविषय चुनना होगा। प्रत्येक क्षेत्र में पांच विजेता चुने जाएंगे। इनमें एक महिला श्रेणी, एक 21 वर्ष से कम आयु श्रेणी और तीन सामान्य श्रेणी के विजेता होंगे। प्रत्येक विजेता को 10 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार राशि का भुगतान पहचान, बैंक विवरण एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताओं के सत्यापन के बाद किया जाएगा। प्रतियोगिता 18 अक्टूबर से शुरू होगी और 7 दिसंबर 2026 को नागपुर में अंतिम कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी के साथ संपन्न होगी। सबसे पहले आवेदनों की पात्रता जांच की जाएगी। प्रथम चरण में प्रत्येक आवेदन का कम से कम दो मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा ऑनलाइन आकलन होगा। दूसरे चरण में तकनीक और उसके प्रभाव, क्षेत्र विशेष के प्रमाणों, प्रायोगिक परियोजनाओं तथा तकनीकी मजबूती की जांच की जाएगी। चयनित आवेदनों को प्रदर्शनी में सरकारी विभागों, उद्योग जगत, निवेशकों एवं उद्यम विकास में सहयोग देने वाली संस्थाओं के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इच्छुक प्रतिभागी sevainnovationchallenge.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, प्रथम तल, न्यू कम्पोजिट बिल्डिंग, कलेक्टोरेट परिसर, बिलासपुर में संपर्क किया जा सकता है।
