सेवा संकल्प अभियान में स्वच्छता का संदेश, गांव से जिला मुख्यालय तक सरकारी दफ्तरों में चला सफाई अभियान
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक ने थामी झाड़ू
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहाकृस्वच्छता को अपनी आदत और कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाएं
बिलासपुर, 1 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के तहत आज जिलेभर के शासकीय कार्यालयों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। गांव से लेकर जिला मुख्यालय तक अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक अभियान में भागीदारी करते हुए अपने कार्यालय और परिसर की साफ-सफाई की। उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा गत दिनों दिए गए निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस अभियान में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक सभी ने स्वच्छता के लिए श्रमदान किया।
अभियान के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वयं झाड़ू और पोंछा लेकर कार्यालय कक्षों, बैठक कक्षों एवं परिसरों की सफाई की। लंबे समय से पड़ी अनुपयोगी एवं कबाड़ सामग्री की छंटाई कर उसे व्यवस्थित किया गया। अस्त-व्यस्त फाइलों और अभिलेखों को भी तरतीब से रखकर कार्यालयों को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित स्वरूप दिया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का काम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। इसे हमें अपनी आदत और कार्यालयीन कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल और आसपास के परिसर को नियमित रूप से स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने का आह्वान किया।
जिला कलेक्ट्रेट, पुराने एवं नवीन कम्पोजिट बिल्डिंग, जिला पंचायत, नगर निगम सहित जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। सामूहिक भागीदारी से कार्यालयों की साफ-सफाई के साथ स्वच्छ और सुव्यवस्थित कार्यस्थल बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।
