विकसित ग्राम पंचायत की संकल्पना को साकार करने हेतु कोण्डागांव में वीजीपीपी प्रशिक्षण आयोजित
विकसित गांव से विकसित भारत” की दिशा में ग्राम पंचायतों की सहभागिता पर दिया गया जोर
कोण्डागांव, 30 सितम्बर 2026/विकसित भारत के संकल्प को ग्राम स्तर तक साकार करने तथा ग्राम पंचायतों को सुनियोजित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विकसित ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) की प्रक्रिया के संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट, कोण्डागांव के प्रथम तल स्थित सभा कक्ष में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों एवं विकास की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सुनियोजित ग्राम पंचायत विकास की कार्ययोजना तैयार करना तथा विभिन्न विभागों एवं क्रियान्वयन एजेंसियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान “विकसित गांव से विकसित भारत” की अवधारणा को केंद्र में रखते हुए ग्राम पंचायतों के समग्र एवं संतुलित विकास की दिशा में प्रभावी योजना निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य कार्यालय से प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर्स के रूप में सहायक परियोजना अधिकारी एवं कम्प्यूटर प्रोग्रामर द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को विकसित ग्राम पंचायत प्लान की प्रक्रिया, उद्देश्य एवं कार्ययोजना के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, रोजगार सहायक, विभिन्न क्रियान्वयन एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं प्रदान संस्था के साथी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में विकसित ग्राम पंचायत प्लान से जुड़े प्रमुख बिंदुओं, ग्राम पंचायत स्तर पर योजना निर्माण की प्रक्रिया, आवश्यक प्राथमिकताओं के निर्धारण, उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के अभिसरण के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि ग्राम पंचायत की विकास योजना केवल निर्माण कार्यों तक सीमित न होकर आजीविका, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं, सामाजिक विकास, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन एवं स्थानीय आवश्यकताओं को समाहित करने वाली समग्र विकास योजना के रूप में तैयार की जाए।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं मैदानी अमले की सक्रिय सहभागिता रही। प्रशिक्षण के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभावी योजना निर्माण, बेहतर क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
जिला पंचायत कोण्डागांव द्वारा विकसित ग्राम पंचायत प्लान की प्रक्रिया को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाते हुए ग्राम पंचायतों को विकास की नई दिशा देने तथा “विकसित ग्राम से विकसित भारत” के संकल्प को धरातल पर साकार करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
