स्वच्छता ही सेवा अभियान ने लिया जनआंदोलन का रूप

कोड़कीपारा में बनी नेकी की दीवार, जरूरतमंदों को मिल रही उपयोगी सामग्री
गरियाबंद में ग्रामीणों के साथ जनपद सीईओ ने की जल स्रोतों की सफाई, दिलाई स्वच्छता की शपथ
गरियाबंद, 22 सितंबर 2026/ जिले में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2026के अंतर्गत स्वच्छता और सामाजिक सरोकार की अनूठी पहल देखने को मिल रही है। कलेक्टर रणबीर शर्मा के नेतृत्व एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर के मार्गदर्शन में जिलेभर में स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रशासनिक अमले के साथ ग्रामीण भी स्वच्छता, जल स्रोतों के संरक्षण और सामाजिक सहयोग की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
विकासखंड देवभोग की ग्राम पंचायत कोड़कीपारा में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के उद्देश्यों को साकार करने के लिए नेकी की दीवार की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को उनकी आवश्यकता की उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराना है। दीवार पर प्रेरक संदेश श्जो आपके पास अधिक है यहां छोड़ जाएं, जो आपकी जरूरत का है यहां से ले जाएंश् लिखा गया है। ग्रामीण अपने अतिरिक्त कपड़े और अन्य उपयोगी सामग्री यहां रख रहे हैं। जरूरतमंद परिवार अपनी आवश्यकता के अनुसार इन वस्तुओं को सम्मानपूर्वक प्राप्त कर सकते हैं। इस पहल को ग्रामीणों का अच्छा सहयोग मिल रहा है।
इसी तरह जनपद पंचायत गरियाबंद क्षेत्र में ग्रामीण जल स्रोतों और जल धरोहरों की स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता शर्मा ने ग्रामीणों के साथ मिलकर तालाब एवं जल स्रोतों के आसपास सफाई की। उन्होंने ग्रामीणों को जल स्रोतों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रखने, जल स्रोतों के आसपास कचरा नहीं फेंकने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान ग्रामीणों ने श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई और जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने की शपथ ली।

इन्हें भी पढ़े