युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम 23 सितंबर को, एक हजार युवा होंगे शामिल

युवा उड़ान कार्यक्रम के लिए डिप्टी कलेक्टर सुश्री साक्षी ध्रुव होंगे नोडल अधिकारी
गरियाबंद, 22 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश के युवाओं को प्रधानमंत्री के विकसित भारत विजन 2047 से जोड़ने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन गरियाबंद द्वारा ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन 23 सितंबर 2026 को किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 10ः00 बजे वन विभाग परिसर के ऑक्शन हॉल में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं के मेधावी विद्यार्थी, महाविद्यालयीन छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी, कला, साहित्य, संस्कृति एवं खेल क्षेत्र से जुड़े युवा, खेल अकादमियों के प्रशिक्षणार्थी, इंजीनियरिंग, मेडिकल, कृषि एवं पॉलिटेक्निक के विद्यार्थी, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, सामाजिक कार्यकर्ता, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थी, छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थी, दिव्यांगजन एवं आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवा शामिल होंगे।
कार्यक्रम में आमंत्रित विषय विशेषज्ञ युवाओं से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी कार्यों, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ तथा विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर परिचर्चा करेंगे। कार्यक्रम के लिए डिप्टी कलेक्टर सुश्री साक्षी ध्रुव को नोडल अधिकारी तथा प्रभारी जिला खेल अधिकारी गौतमचंद ठाकुर को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।