कलेक्टर ने महतारी सदन, मुक्तिधाम बालिका शौचालय एवं अन्य निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

पीएम सूर्य घर योजना के तहत लोगों को सोलर पैनल लगाने को करें प्रेरित – कलेक्टर शर्मा
सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर को जतमई में होगा वृहद स्वच्छता अभियान
गरियाबंद, 22 सितंबर 2026/ कलेक्टर रणबीर शर्मा ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहने एवं बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वर्ष 2024-25 में राज्य शासन द्वारा शुरू की गई महतारी सदन के भवनों के सभी कार्याें को प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ शासन की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके तहत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए ग्राम पंचायतों में इस भवन का निर्माण किया जा रहा है। जिन ग्राम पंचायतों में यह भवन बनाए जा रहे है। उसे शीघ्र पूर्ण कराएं।
कलेक्टर ने संबंधित निर्माण एजेंसियों को जो निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके है उनका शत-प्रतिशत भुगतान संबंधित ठेकेदारों को करने के निर्देश दिए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम का निर्माण कराएं। जिससे की अंतिम संस्कार के दौरान धूप और बारिश से बचाव हो सके। उन्होंने स्कूलों में बालिका शौचालय निर्माण के कार्यों को भी शीघ्र स्वीकृत कर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि जिले में विभिन्न शासकीय स्थलों का चयन करें ताकि विभिन्न विभागों को निर्माण कार्याें के लिए जरूरत के अनुसार शासकीय भूमि का आवंटन किया जा सके। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएमजेएसवाई, सीजीएमएससी, हाउसिंग बोर्ड, राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पीएम सूर्यघर योजना के लक्ष्य को पूरा करें तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों को अपने-अपने घरों के छत पर सोलर पैनल लगाने को प्रेरित करने को कहा। कलेक्टर ने पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का शत-प्रतिशत लाभ एसटी, एससी एवं ओबीसी के पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने कहा। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति मिलने से बच्चों के पढ़ाई-लिखाई में मदद मिलती है।
कलेक्टर श्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को विधायक निधि, सांसद निधि तथा प्रभारी मंत्री से संबंधित स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करने को कहा। ताकि उनके कार्याें को ग्रामीण क्षेत्रों में शीघ्र पूरा कराया जा सकें। कलेक्टर ने राशन कार्डों के ई-केवाईसी की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन हितग्राहियों का स्थायी पलायन हो चुका है और मृत हो चुके है उनकी नियमानुसार जांच एवं पंचनामा की कार्यवाही कर राशन कार्ड से नाम हटाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर को प्रातः 8ः00 बजे छुरा विकासखण्ड के जतमई में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिसमें जिला अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्णसिंह उके सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे।