सेवा की कहानी – कच्चे मकान की बाड़ी में सोलर पैनल लगाकर ग्राम कुहीखुर्द के वासुदेव साहू ने पेश की मिसाल
-प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ाया कदम, बिजली बिल में मिलेगी राहत
राजनांदगांव 22 सितम्बर 2026।प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में ग्रामीण परिवारों द्वारा निरंतर पहल की जा रही है। योजना से प्रेरित होकर छुरिया विकासखंड के ग्राम कुहीखुर्द निवासी वासुदेव साहू ने अपने कच्चे मकान की बाड़ी में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराकर स्वच्छ ऊर्जा की ओर महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। वासुदेव साहू कृषि कार्य से जुड़े हैं। उनके मकान की छत सोलर पैनल लगाने के लिए उपयुक्त नहीं थी। ऐसे में उन्होंने घर की बाड़ी में उपलब्ध खाली एवं उपयुक्त स्थान का उपयोग करते हुए सोलर पैनल स्थापित कराया। उनकी यह पहल बताती है कि सौर ऊर्जा को अपनाने के लिए केवल पक्के मकान की छत ही जरूरी नहीं है, बल्कि तकनीकी रूप से उपयुक्त सुरक्षित स्थान उपलब्ध होने पर परिसर की अन्य जगह का भी उपयोग किया जा सकता है।
वासुदेव साहू ने बताया कि ग्राम पंचायत में आयोजित सूर्य सभा के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। योजना के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने सौर ऊर्जा के लाभों को समझा और अपने घर में 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल अधिक आता था। सोलर पैनल स्थापित होने के बाद उन्हें बिजली बिल में राहत मिलेगी और घर की बिजली जरूरतों के लिए प्राकृतिक एवं स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही अतिरिक्त बिजली उत्पादन से वे विद्युत विभाग को ग्रिड में भेजकर अतिरिक्त आय अर्जित करेंगे।
वासुदेव साहू ने बताया कि 3 किलोवाट का सोलर पैनल स्थापित करने पर उन्हें केंद्र शासन की ओर से 78 हजार रूपए तथा राज्य शासन की ओर से 30 हजार रूपए की सब्सिडी का लाभ प्राप्त होगा। शासन की ओर से मिल रही इस आर्थिक सहायता से सौर ऊर्जा को अपनाना उनके लिए और अधिक आसान हुआ है। वासुदेव साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचने से आम नागरिक भी नई तकनीक और स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोलर पैनल से बिजली की जरूरत पूरी करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने का अवसर मिल रहा है। वासुदेव साहू की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के प्रति बढ़ती जागरूकता और जनभागीदारी का उदाहरण है। कच्चे मकान के बावजूद उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग कर सोलर पैनल स्थापित करना यह संदेश देता है कि जहां इच्छा और पहल हो, वहां स्वच्छ ऊर्जा का रास्ता निकाला जा सकता है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से ऐसे प्रयास ग्रामीण परिवारों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
