प्रतिबंधित दवाओं की जांच एवं तंबाकू उत्पादों के विक्रय पर चालानी कार्रवाई

दंतेवाड़ा, 08 सितम्बर 2026/कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में आयोजित ’’एनकॉर्ड’’ बैठक में दिए गए निर्देशों के परिपालन में जिले में प्रतिबंधित दवाओं एवं तंबाकू उत्पादों के अवैध विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्रवाई की गई। इसी क्रम में 07 सितम्बर 2026 को दंतेवाड़ा एवं गीदम शहर में संचालित मेडिकल फर्मों की संयुक्त टीम द्वारा जांच किया गया। ड्रग कंट्रोल, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने मेडिकल दुकानों में प्रतिबंधित दवाओं की उपलब्धता एवं विक्रय की जांच की। जांच के दौरान किसी भी मेडिकल फर्म में प्रतिबंधित दवाएं नहीं पाई गईं।
इसके साथ ही सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों से संबंधित अधिनियम, 2003 के प्रावधानों के तहत सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू उत्पादों के विक्रय एवं उपयोग की रोकथाम के लिए तंबाकू विक्रय करने वाली दुकानों पर चालानी कार्रवाई भी की गई है। कार्रवाई के दौरान गीदम में 4 तथा दंतेवाड़ा में 2 दुकानदारों के विरुद्ध चालान काटे गए। प्रशासन द्वारा कहा है कि जिले में प्रतिबंधित दवाओं और तंबाकू उत्पादों के अवैध विक्रय पर नियंत्रण के लिए इस प्रकार की जांच एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी सतत रूप से जारी रहेगी।

इन्हें भी पढ़े