सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों के बीच कलेक्टर ने योजनाओं की समीक्षा की

लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
खैरागढ़, 08 सितंबर 2026/छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने, विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प लेने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाना है। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर विभागों के बीच समन्वय, गतिविधियों की निगरानी और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
इसी कड़ी में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों, ऑनलाइन पोर्टलों में प्रगति और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रस्तावित गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु—सरकार आपके द्वार’ सहित 12 प्रमुख पहलें आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ प्रत्येक गतिविधि का फोटो-वीडियो दस्तावेजीकरण और नियमित प्रगति रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए।
समय-सीमा की बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। प्रभारी कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय के लिए सड़क सुरक्षा समिति की बैठक अब प्रत्येक माह आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर घुमंतू एवं आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी प्रभावी रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसान पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली गई। प्रभारी कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री के तहत किसानों का पंजीयन प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न श्रेणियों के अपंजीकृत किसानों तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पंजीकृत किसानों की स्थिति की समीक्षा करते हुए शेष पात्र किसानों का पंजीयन शीघ्र पूरा कराने कहा, ताकि पात्र किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ मिलने में किसी प्रकार की बाधा न आए।
प्रभारी कलेक्टर ने ई-ऑफिस व्यवस्था की भी जानकारी ली और सभी विभागों को अधिक से अधिक शासकीय कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की बायोमीट्रिक उपस्थिति नियमित कराने तथा इसकी सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में नियद नेल्लानार योजना के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली गई। इसके अलावा पीएम जनमन योजना के तहत किए जा रहे कार्यों और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचने की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
हाल में भवन ढहने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए प्रभारी कलेक्टर ने जिला मुख्यालय में छात्र-छात्राओं के रहने वाले भवनों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ को ऐसे भवनों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति की जांच करने और आवश्यकतानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो।
प्रभारी कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने, योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक में अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, श्रीमती सुमन राज, एसडीएम अविनाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े