खेल दिवस के अवसर पर 9 को जिला स्तरीय मैराथन दौड़ एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों का होगा सम्मान

पुलिस थाना गौरेला से कलेक्टर परिसर तक होगी मैराथन दौड़
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 8 सितंबर 2026/खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खेल दिवस के अवसर पर 9 सितंबर को जिला स्तरीय मैराथन दौड़ एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना, युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 7रू30 बजे मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। मैराथन दौड़ पुलिस थाना गौरेला से प्रारंभ होकर कलेक्टर परिसर तक आयोजित होगी। इसमें जिले के युवा एवं खेलप्रेमी प्रतिभागी उत्साहपूर्वक शामिल होंगे।
मैराथन के पश्चात आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा। जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही उनकी उपलब्धियों को सम्मानित कर अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिलेवासियों, खेलप्रेमियों एवं युवाओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि भारत में हर साल राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिन महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष में आयोजित किया जाता है। 29 अगस्त को रक्षाबंधन त्यौहार का दूसरा दिन होने के कारण जन सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसका आयोजन 9 सितम्बर को किया गया है।

इन्हें भी पढ़े